"महेश आमदे का रचना संसार" लेखक की प्रकाशित होने वाली पहली किताब है। इतिहास संस्कृति एवं स्वतंत्रता सेनानियों पर केंद्रित इस किताब में पद्य एवं गद्य दोनों तरह की रचनाएं सम्मिलित हैं। पहले भाग में बारह कविताएं तथा एक नृत्य नाटिका है और दूसरे भाग में छत्तीसगढ़ तथा कबीरधाम जिले से संबंधित महत्वपूर्ण सात ऐतिहासिक लेख संकलित हैं।
लेखक इतिहास विषय के अच्छे अध्येता और अध्यापक रहे हैं, इसलिए उनकी रचनाओं में ऐतिहासिक तथ्यों की समझ और ज्ञान स्वभाविक रूप से देखा जा सकता है। मगर लेखक की काव्यात्मक अभिव्यक्ति की प्रतिभा और कुशलता लेखक की विशिष्टता का परिचायक है। उनकी पुस्तक के पहले भाग में ऐतिहासिक तथ्यों की काव्यात्मक अभिव्यक्ति हुई है जिसमें ऐतिहासिकता और साहित्यिकता का सुंदर मिश्रण देखे जा सकते हैं जबकि दूसरे भाग में ऐतिहासिक तथ्यों एवं आंकड़ों पर लेख लिखे गए हैं जिसमें साहित्य नहीं बल्कि केवल इतिहास है। इस तरह लेखक की रचनाओं में ऐतिहासिकता,काव्यात्मकता और स्थानीयता का अद्भुत मेल देखा जा सकता है।
पुस्तक के दूसरे भाग में छत्तीसगढ़ एवं कबीरधाम जिले के इतिहास से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजी आंकड़ों एवं जानकारियों को संकलित किया गया है। मुझे विश्वास है कि यह भाग इतिहास तथा पुरातत्व में रुचि रखने वाले शोध छात्र-छात्राओं एवं अन्वेषकों के लिए उपयोगी साबित होगा।