मालवा क्षेत्र में परमारों ने लगभग 500 वर्ष तथा आस-पास के प्रदेशों पर शासन किया। परमार साम्राज्य की भौगोलिक पृष्ठभूमि उनके अभिलेखों से भी स्पष्ट होती है।
आज जिस क्षेत्र को मालवा कहते है उसका क्षेत्रफल लगभग 47760 वर्ग किलोमीटर है, इसकी ऊँचाई समुद्र सतह से 1500 से 2000 फीट है। यह पहले विशाल वन्य प्रदेश था, जिसका क्षेत्रफल लगभग 94,689 वर्ग कि.मी. था, जिसमें महाकाल वन भी सम्मिलित था। यह वन अत्यन्त विस्तृत था, जिसका वर्णन पौराणिक ग्रंथों में भी मिलता है। इस भू-भाग के बीच-बीच में पहाडियाँ, खुले मैदान, विशाल सदानीरा नदियाँ, विशाल घने वृक्ष थे, ऐसी उर्वर भूमि पर यह प्रदेश बसा हुआ था।